सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

वाक्य (पहचान एवं रूपांतरण)

  परिभाषा

दो या दो से अधिक शब्दों के सार्थक समूह को वाक्य कहते हैं।

उदाहरण के लिए ‘मोहन पुस्तक पढ़ता है।‘ यह एक वाक्य है क्योंकि इसका पूर्ण अर्थ निकलता

है।

रचना के अनुसार वाक्य के निम्नलिखित तीन भेद हैं -

1 - सरल या साधारण वाक्य ।

2 - संयुक्त वाक्य ।

3 - मिश्र या मिश्रित वाक्य ।


1 - सरल वाक्य -

जिस वाक्य में एक उद्देश्य तथा एक विधेय होता है, वह सरल वाक्य कहलाता है। अर्थात्

इन वाक्यों में मुख्य क्रिया एक ही होती है। 

सरल वाक्य के उदाहरण-

1-मोहन गाता है।

2- राजेश बीमार है।

3-माताजी ने शीला को एक साड़ी दी।

इन वाक्यों में मोहन, राजेश, माताजी-उद्देश्य हैं। इनके बारे में वाक्य में जो बातें कही जा

रही हैं, वह विधेय है।


2 - संयुक्त वाक्य

1-इसमें दो या दो से अधिक मुख्य तथा स्वतंत्र उपवाक्य होते हैं।

2-दोनों वाक्य स्वतंत्र होते हैं तथा पूर्ण अर्थ देने में सक्षम होते हैं।

3-दो वाक्यों को समुच्चयबोधक अव्ययांे/योजकों (क्योंकि, इसलिए, तथा, और, या, अथवा, किंतु, तो आदि) से जोड़ा जाता है। 

संयुक्त वाक्य के उदाहरण-

1-राम बाजार गया और फल लाया।

2-सच बोलो परंतु कटु सत्य न बोलो।

3-हम सब दिल्ली घूमने गए और वहाँ चार दिन रहे।


3 - मिश्र वाक्य

1-मिश्र वाक्य में दो उपवाक्य होते हैं, उनमें एक उपवाक्य प्रधान होता है तथा अन्य उपवाक्य

उस पर आश्रित होते हैं।

2-यह उपवाक्य परस्पर व्यधिकरण योजकों (जैसे, कि, यदि, अगर, क्योंकि, तो, तथापि,

इसलिए आदि) से जुड़े हुए होते हैं। 

मिश्रित वाक्य के उदाहरण-

1-शिक्षक ने बताया कि कल स्कूल में छुट्टी होगी।

2-जो व्यक्ति कमरे में बैठा है, वह मेरा भाई है।

3-जब तुम छोटे थे तब साइकिल खूब चलाते थे।

4-यदि इस बार वर्षा न हुई तो सारी फसल नष्ट हो जाएगी।


प्रधान उपवाक्य तथा आश्रित उपवाक्य की पहचान

1-प्रधान उपवाक्य वह होता है, जिसकी क्रिया मुख्य होती है।

2-आश्रित उपवाक्यों का आरंभ प्रायः कि, जो, जिसे, यदि, क्योंकि आदि से होता है।

उदाहरण-‘यदि मोहन परिश्रम करता तो अवश्य सफल होता।’

इस मिश्रित वाक्य से जब हम सरल वाक्य बनाएँगे तो वह इस प्रकार होगा-

‘मोहन परिश्रम करने पर अवश्य सफल होता।’-यहाँ ‘परिश्रम करता’ क्रिया रूपांतरित

(परिवर्तित) हो गई है, अतः यह आश्रित उपवाक्य है। दूसरी ओर ‘सफल होता’ क्रिया

ज्यों-की-त्यों रही है, अतः यह प्रमुख या प्रधान उपवाक्य है।


अभ्यास कार्य

रचना के आधार पर सरल वाक्य का परिवर्तन


सरल वाक्य से संयुक्त वाक्य


1-सरल वाक्य - राधा नाचती - गाती है।

संयुक्त वाक्य - राधा नाचती है और गाती है।

२-सरल वाक्य - मोहन हँसकर बोला।

संयुक्त वाक्य - मोहन हँसा और बोला।

3-सरल वाक्य - तुम पढ़कर सो जाना।

संयुक्त वाक्य - तुम पढ़ना और सो जाना।

4-सरल वाक्य - अंकित की कलम छूटकर गिर गई।

संयुक्त वाक्य - अंकित की कलम छूटी और गिर गई।

5-सरल वाक्य - अभि तथा दीपक खेल - कूद रहे हैं ।

संयुक्त वाक्य - अभि तथा दीपक खेल रहे हैं एवं कूद रहे हैं।

6-सरल वाक्य - सूरज पढ़-लिखकर अधिकारी बना।

संयुक्त वाक्य - सूरज पढ़ा-लिखा और अधिकारी बना।

7-सरल वाक्य - बीमार होने के कारण मोहन विद्यालय नहीं आया।

संयुक्त वाक्य - मोहन बीमार था इसलिए विद्यालय नहीं आया।

8-सरल वाक्य - वह न पढ़ने के कारण फेल हो गया।

संयुक्त वाक्य - वह फेल हो गया क्योंकि पढ़ा नहीं था।


सरल वाक्य से मिश्र वाक्य


1-सरल वाक्य - राधा नाचती - गाती है।

मिश्र वाक्य - जो नाचती - गाती है, वह राधा है। या जो राधा नाचती है, वह गाती

भी है। यह जो राधा है, वह नाचती-गाती है।

2-सरल वाक्य - मोहन हँसकर बोला।

मिश्र वाक्य - वह मोहन है जो हँसकर बोला। या जब मोहन हँसा, तब बोला। 

3-सरल वाक्य - परिश्रम करने पर अच्छे अंक आएँगे।

मिश्र वाक्य - यदि परिश्रम करोगे, तो अच्छे अंक आएँगे।

4-सरल वाक्य - अंकित की कलम छूटकर गिर गई।

मिश्र वाक्य - जो/जब कलम अंकित से छूटी, वह/तब गिर गई।

5-सरल वाक्य - बादल घिरते ही मोर नाचने लगा।

मिश्र वाक्य - जैसे ही बादल घिरे, मोर नाचने लगा।

6-सरल वाक्य - राम आते ही खेलने लगा।

मिश्र वाक्य - राम जैसे ही आया, वह खेलने लगा।

7-सरल वाक्य - अभि तथा दीपक खेल - क ूद रहे हैं।

मिश्र वाक्य - जो खेल एवं कूद रहे हैं, वे अभि तथा दीपक हैं।

8-सरल वाक्य - सूरज पढ़कर अधिकारी बना।

मिश्र वाक्य - क्योंकि सूरज पढ़ा, इसलिए वह अधिकारी बना।


रचना के आधार पर संयुक्त वाक्य का परिवर्तन


संयुक्त वाक्य से सरल वाक्य


1- संयुक्त - सभी लिख चुके हैं लेकिन सृजिता अभी तक लिख रही है।

सरल - सभी के लिख चुकने पर भी सृजिता लिख रही है।

2- संयुक्त - निधि रात भर पढ़ती है ताकि परीक्षा देने की तैयारी कर सके।

सरल - निधि रातभर पढ़कर परीक्षा देने की तैयारी करती है।

3- संयुक्त - अभिलाषा ने रोना शुरू किया और बेहोश हो गई।

सरल - अभिलाषा रोते हुए बेहोश हो गई।

4- संयुक्त - वह अधिकारी है लेकिन ईमानदार है।

सरल - वह अधिकारी होने पर भी ईमानदार है।

5- संयुक्त - श्रेयसी बीमार थी अतः स्कूल नहीं आई।

सरल - श्रेयसी बीमार होने के कारण स्कूल नहीं आई।

6- संयुक्त - सीमा को खेलना भी अच्छा लगता है और सोना भी।

सरल - सीमा को खेलना-सोना अच्छा लगता है।

7- संयुक्त - तुम्हारे बारे में सभी बच्चे जानते हैं और बड़े भी।

सरल - तुम्हारे बारे में बच्चे और बड़े सभी जानते हैं।

8- संयुक्त - उसके पास घड़ी थी किन्तु ठीक नहीं थी।

सरल - उसके पास ठीक घड़ी नहीं थी।


संयुक्त वाक्य से मिश्र वाक्य


1-संयुक्त वाक्य - सभी लिख चुके हैं लेकिन सृजिता अभी तक लिख रही है।

मिश्र वाक्य - यद्यपि (हालाँकि, वैसे तो) सभी लिख चुके हैं, तथापि (फिर भी) सृजिता

अभी तक लिख रही है।

2-संयुक्त वाक्य - निधि रात भर पढ़ती है ताकि परीक्षा देने की तैयारी कर सके।

मिश्र वाक्य - निधि इसलिए रातभर पढ़ती है ताकि (जिससे कि) वह परीक्षा देने की

तैयारी कर सके।

3- संयुक्त वाक्य - अभिलाषा ने रोना शुरू किया और बेहोश हो गई।

मिश्र वाक्य - जैसे ही अभिलाषा ने रोना शुरू किया, वैसे ही वह बेहोश हो गई।

4- संयुक्त वाक्य - माँ खाना पकाती है और बच्चे को खिलाती है।

मिश्र वाक्य - जब/जैसे ही माँ खाना पकाती है, तब/वैसे ही वह बच्चे को खिलाती है।

5- संयुक्त वाक्य - श्रेयसी बीमार थी, अतः स्कूल नहीं आई।

मिश्र वाक्य - श्रेयसी इसलिए स्कूल नहीं आई क्योंकि वह बीमार थी।

6- संयुक्त वाक्य - सुनीता ने खाना खाया और चली गई।

मिश्र वाक्य - ज्योंही सुनीता ने खाना खाया, त्यों ही वह चली गई। जब सुनीता ने खाना खाया, तब वह चली गई।

7- संयुक्त वाक्य - सीमा को खेलना अच्छा लगता है और सोना भी।

मिश्र वाक्य - जो सीमा है उसे खेलना और सोना अच्छा लगता है।

8- संयुक्त वाक्य - तुम्हारे बारे में सभी बच्चे जानते हैं और बड़े भी।

मिश्र वाक्य - जिसके बारे में सभी बच्चे और बड़े जानते हैं, वह तुम हो। तुम वह हो, जिसके बारे में सभी बच्चे और बड़े जानते हैं।

9- स ंयुक्त वाक्य - उसके पास घड़ी थी, किन्तु ठीक नहीं थी।

मिश्र वाक्य- उसके पास जो घड़ी थी, वह ठीक नहीं थी।


रचना के आधार पर मिश्र वाक्य का परिवर्तन


मिश्र वाक्य से सरल वाक्य


1-मिश्र वाक्य - जब भी मैं विकास के घर गया, मेरा आदर सत्कार हुआ।

सरल वाक्य - मेरा विकास के घर हमेशा आदर सत्कार हुआ।

2-मिश्र वाक्य - विशाल ने जो मोबाइल खरीदा है, वह नया है।

सरल वाक्य - विशाल ने नया मोबाइल खरीदा है ।

3-मिश्र वाक्य - शिक्षक ने कहा कि सबको अपना गृहकार्य स्वयं करना है।

सरल वाक्य - शिक्षक ने सबको अपना गृहकार्य स्वयं करने को कहा।

4-मिश्र वाक्य - जैसे ही हम बस से उतरे, रिक्शे वाले दौड़ पड़े।

सरल वाक्य - हमारे बस से उतरते ही रिक्शे वाले दौड़ पड़े।

5-मिश्र वाक्य - ज्योंही गुरुजी आए, भक्त शांत हो गए।

सरल वाक्य - गुरुजी के आते ही भक्त शांत हो गए।

6-मिश्र वाक्य - जब दुर्घटना की खबर सुनी, तब मन दुखी हो गया।

सरल वाक्य - दुर्घटना की खबर सुनकर मन दुखी हो गया।

7-मिश्र वाक्य - जब भिखमंगा दिखा, तब मधुसूदन को उस पर दया आ गई।

सरल वाक्य - भिखमंगे को देखकर मधुसूदन को दया आ गई

8-मिश्र वाक्य - जो लोग परिश्रमी थे, वे सफल हो गए ।

सरल वाक्य - परिश्रमी लोग सफल हो गए ।

9-मिश्र वाक्य - यद्यपि रूबी घर गई तथापि काम में नहीं लगी।

सरल वाक्य - रूबी घर जाकर भी काम में नहीं लगी।


मिश्र वाक्य से संयुक्त वाक्य


1-मिश्र वाक्य - जब मैं विकास के घर जाता हूँ, तब मेरा आदर सत्कार होता है।

संयुक्त वाक्य - मैं विकास के घर जाता हूँ और मेरा आदर सत्कार होता है।

2-मिश्र वाक्य - विशाल ने जो मोबाइल खरीदा है, वह नया है।

संयुक्त वाक्य - विशाल ने मोबाइल खरीदा है और वह नया है।

3-मिश्र वाक्य - शिक्षक ने कहा कि सबको अपना गृहकार्य स्वयं करना है।

संयुक्त वाक्य - शिक्षक ने गृहकार्य दिया है और सबको स्वयं करने को कहा है।

4-मिश्र वाक्य - जैसे ही हम बस से उतरे, रिक्शे वाले दौड़ पड़े।

संयुक्त वाक्य - हम बस से उतरे और रिक्शे वाले दौड़ पड़े।

5-मिश्र वाक्य - ज्योंही गुरुजी आए, भक्त शान्त हो गए।

संयुक्त वाक्य - गुरुजी आए और भक्त शान्त हो गए।

6-मिश्र वाक्य - जब दुर्घटना की खबर सुनी, तब मन दुखी हो गया।

संयुक्त वाक्य - दुर्घटना की खबर सुनी और मन दुखी हो गया।

7-मिश्र वाक्य - ज्यों ही भिखमंगा दिखा, मधुसूदन को दया आ गई।

संयुक्त वाक्य - भिखमंगा दिखा और मधुसूदन को दया आ गई।

8-मिश्र वाक्य - यद्यपि रूबी घर गई तथापि काम में नहीं लगी।

संयुक्त वाक्य - रूबी घर गई लेकिन काम में नहीं लगी।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Important tips for Hindi board exams

हिंदी  परीक्षा में लाने हैं अच्छे अंक,  तो अपनाएँ ये बातें  यहाँ इस लेख में दसवीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा-पूर्व की तैयारी से लेकर परीक्षा देने तक के बीच आने वाल प्रत्येक प्रश्नों एवं शंकाओं का संपूर्ण निवारण किया गया है। आइए, इन सलाह और टिप्स को अपनाएँ और बोर्ड की हिंदी परीक्षा में अच्छे अंक लाएँ। हिंदी परीक्षा से संबंधित प्रश्न, जो परीक्षार्थियों के मन में अकसर उठते हैं - हिंदी परीक्षा और हिंदी प्रश्न-पत्रों को लेकर परीक्षार्थियों के मन में अकसर कुछ प्रश्न उमड़ते रहते हैं, तो हम यहाँ उनके प्रश्नों का समाधान करने का प्रयत्न कर रहे हैं। यदि इन प्रश्नों के अलावा भी किसी अन्य प्रश्न का उत्तर जानने की इच्छा हो तो आप कमेंट बॉक्स में लिखकर पूछ सकते हैं। तो आइए, देखते हैं कि वे प्रश्न कौन-से हैं? प्रश्न 1-क्या पुनरावृति अभ्यास करते समय उत्तरों को लिखकर देखना आवश्यक है: जी हाँ, आपको चाहिए कि किसी भी अच्छे मॉडल पेपर या अभ्यास प्रश्न पत्र में से किन्हीं पाँच प्रश्नपत्रों को पूरा लिखकर हल करें, क्योंकि कई बार लिखने का अभ्यास कम होने से प्रश्न-पत्र छूटने की संभावना

Bade bhai sahab (questions & answers)बडे़ भाईसाहब (पाठ-1, गद्य भाग)

  मौखिक निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर एक-दो पंक्तियों में दीजिए- प्रश्न 1.  कथा नायक की रुचि किन कार्यों में थी? उत्तर-हमारी दृष्टि में पाठ के कथा नायक लेखक यानी कहानी लिखने वाले छोटे भाई हैं। छोटे भाई की रुचि खेल-कूद में थी। उन्हें पढ़ने से अधिक पसंद था-मैदान की सुखद हरियाली, फुटबॉल एवं बॉलीबॉल खेलना, पतंगबाज़ी करना, गुल्ली-डंडा खेलना, कागज की तितलियाँ उड़ाना, चारदीवारी पर चढ़कर नीचे कूदना, कंकरियाँ उछालना तथा फाटक पर सवार होकर उसे मोटर-कार की तरह आगे-पीछे चलाना। प्रश्न 2.  बड़े भाई साहब छोटे भाई से हर समय पहला सवाल क्या पूछते थे? उत्तर-छोटा भाई जब भी खेल-कूद में समय बरबाद करके आता, तो बड़े भाई उससे हमेशा एक ही सवाल पूछते थे-कहाँ थे? यह सवाल हमेशा एक ही लहज़े में पूछा जाता था। उसके बाद उनकी उपदेश-माला प्रारंभ हो जाती थी।  प्रश्न 3.  दूसरी बार पास होने पर छोटे भाई के व्यवहार में क्या परिवर्तन आया? उत्तर-दूसरी बार पास होने पर छोटे भाई को अपने ऊपर अभिमान हो गया। वह स्वच्छंद और घमंडी हो गया। उसे लगनेे लगा कि उसकी तकदीर बलवान है, अतः वह पढ़े या न पढ़े, वह पास हो ही जाएगा। वह बड़े भाई की सहनशीलता का अ

हरिहर काका (संचयन) questions answers of Harihar Kaka

 हरिहर काका  प्रश्नोत्तर  प्रश्न 1-कथावाचक और हरिहर काका के बीच क्या संबंध है इसके क्या कारण हैं? उत्तर-कथावाचक और हरिहर के बीच मधुर, आत्मीय और गहरे संबंध हैं। इसके कई कारण हैं-पहला हरिहर काका कथावाचक के पड़ोसी थे। दूसरा हरिहर काका ने कथावाचक को बहुत प्यार-दुलार दिया था। हरिहर काका उसे बचपन में अपने कंधे पर बिठाकर गाँव भर में घुमाया करते थे। हरिहर काका के कोई संतान नहीं थी, इसलिए वे कथावाचक को एक पिता की तरह प्यार और दुलार करते थे। जब लेखक बड़ा हुआ, तो उसकी पहली मित्रता हरिहर काका के साथ हुई थी। वे उससे कुछ नहीं छिपातेे थे। इन्हीं कारणों से उन दोनों के बीच उम्र का अंतर होते हुए भी गहरा आत्मीयपूर्ण संबंध था।  प्रश्न 2-हरिहर काका को महंत और अपने भाई एक ही श्रेणी के क्यों लगने लगे?  उत्तर-हरिहर काका एक निःसंतान व्यक्ति थे। उनके हिस्से में पंद्रह बीघे उपजाऊ ज़मीन थी। महंत और उनके भाई दोनों का उद्देश्य हरिहर काका की इसी उपजाऊ ज़मीन को अपने कब्जे में करना था। अपने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए दोनों ने काका को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फँसाना शुरू कर दिया। काका के भाई भी उनकी देखभाल ज़मीन के लिए